तरन तारन साहिब की स्थापना सबसे पहले श्री गुरु अर्जन साहिब जी (1563–1606) ने की थी।
1980 के दशक और 1990 के दशक के आरंभ में तरन तारन साहिब को खालिस्तान, प्रस्तावित सिख स्वतंत्र राष्ट्र, की राजधानी के रूप में सुझाया गया था। इस क्षेत्र का मुख्य उद्योग कृषि और कृषि-आधारित उद्योग है, अन्य अवसर कम हैं।
तरन तारन ज़िला 2006 में बना। इस आशय की घोषणा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने श्री गुरु अर्जन साहिब जी के शहीदी दिवस के समारोह के दौरान की थी। इसके साथ यह पंजाब का 19वाँ ज़िला बन गया।
तरन तारन साहिब में 5 ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारे हैं।
गुरुद्वारा श्री बीबी भानी दा खूह गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब तरन तारन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। बीबी भानी श्री गुरु अमरदास जी की पुत्री, श्री गुरु रामदास जी की पत्नी और श्री गुरु अर्जन साहिब जी की माता थीं। बीबी भानी इस स्थान पर कोढ़ियों, ज़रूरतमंदों और आने वाले सिखों को भोजन, जल और दवा उपलब्ध कराती थीं।